भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय बोले
भाजपा अपने विचारों को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं का निर्माण कर रही है


बड़ावदा (शिरीष सकलेचा) । भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। इसके 18 करोड़ से ज्यादा सदस्य है। केन्द्र सहित 20 राज्यों में भाजपा और गठबंधन की सरकारें है और यह इसलिए संभव हुआ है कि भाजपा किसी व्यक्ति और परिवार की पार्टी नहीं है, अपितु विचार की पार्टी है। भाजपा अपने विचार को आगे बढ़ाते हुए सदैव कार्यकर्ताओं को तैयार करती है और यह प्रशिक्षण वर्ग इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए आयोजित किया गया है। भाजपा ने योग्य कार्यकर्ता निर्माण के लिए प्रशिक्षण महाअभियान शुरू किया है। भारतीय जन संघ से प्रारंभ हुई भाजपा राष्ट्र को प्रथम रखकर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है। देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें पार्टी के पितृ पुरूषों के अन्त्योदय और एकात्म मानववाद के सूत्र पर कार्य कर रही है। ‘‘सबका साथ-सबका विकास’’ का लक्ष्य ही भाजपा की कार्य पद्धति है।
ये बाते भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी बड़ावदा मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का द्वितीय दिवस पर पार्टी के इतिहास एवं परिचय विषय पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को कही।
सर्वप्रथम मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय , श्यामप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया । कार्यक्रम योजना अनुसार वर्ग गीत मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने लिया प्रथम सत्र के वक्ता विधानसभा प्रभारी नंदन राज जैन ने सोशल मीडिया विषय पर संबोधित करते हुए वर्तमान समय में सोशल मीडिया के जरिए किस तरह हम पार्टी की रीति नीतियां आमजन तक तत्काल पहुंचा सकते है, इस पर विस्तार से बताया। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता राघव सिंह ने की। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता कारूलाल जाट द्वारा की गई । तृतीय सत्र में भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी द्वारा वैचारिक अधिष्ठान विषय पर संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता किसान मोर्चा पूर्व मण्डल अध्यक्ष जितेंद्र बैरागी ने की।
चतुर्थ सत्र में सैलाना के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम धाकड़ ने राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रभुलाल धाकड़ द्वारा की गई। सोशल मीडिया विधानसभा प्रभारी अमन हिंगड़ ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 8 सत्र सम्प्पन हुए। जिसमें मंडल महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रिया कुंवर सिसोदिया, कई सरपंच,ज्येष्ठ, श्रेष्ट, युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मातृ शक्ति भी काफी उपस्थित रही। शिविर में कार्यकर्ताओं के स्वल्पाहार, भोजन की व्यवस्था भी की गई। नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना राजेंद्र कुमावत ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ जनों से काफी मार्गदर्शन लिया जो पार्टी के लिए लाभकारी होगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह चौहान ने किया । कार्यक्रम का आभार मण्डल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने माना।