दादा आदिनाथ के दर्शन से अभिभूत लौटी दिव्यांगों की पालीताणा यात्रा, जावरा में वरिष्ठ सेवा समिति ने किया भव्य बहुमान

  • “तीर्थ यात्रा आत्मा को निर्मल कर सेवा का मार्ग दिखाती है” — अभय सुराणा
  • “जब सेवा में भाव जुड़ता है, तभी धर्म साकार होकर समाज को दिशा देता है” — राजकुमार हरण

जावरा (नि प्र)। परम पूज्य जिन शिशु प्रज्ञा श्रीजी म.सा. की प्रेरणा से आदिनाथ तीर्थ यात्रा ग्रुप, जावरा द्वारा आयोजित दिव्यांगजनों की नि:शुल्क पालीताणा तीर्थ यात्रा शांतिपूर्ण एवं विधि-विधान के साथ संपन्न होकर पुनः जावरा लौटी। यात्रा के दौरान विभिन्न पावन स्थलों के दर्शन करते हुए जब यात्रियों का कारवां नगर पहुँचा, तो सभी के चेहरों पर दादा आदिनाथ के दर्शन का उल्लास और आत्मिक आनंद स्पष्ट झलक रहा था।
यात्रा का समापन प्रातः दादावाड़ी मंदिर पर हुआ, जहाँ सभी यात्रियों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात सभी को नवकारसी करवाई गई, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय एवं आत्मीयता से परिपूर्ण हो गया।
यात्रा वापसी पर श्री जैन श्वेतांबर वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा द्वारा एक गरिमामय बहुमान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर यात्रा संयोजक राहुल छाजेड़ एवं पवन ओस्तवाल का मोतियों की माला पहनाकर, पगड़ी बांधकर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य बहुमान किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा किए गए सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट आयोजन का प्रतीक बना।
बहुमान कार्यक्रम में वरिष्ठ सेवा समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा, सचिव राजकुमार हरण, नेमीचंद लोढ़ा, राजेंद्र कोचर एवं अजय आंचलिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
उल्लेखनीय है कि इस यात्रा की शुरुआत भी जावरा से श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ हुई थी, जिसमें दिव्यांगजनों के लिए आवागमन, भोजन एवं ठहरने की समस्त व्यवस्था नि:शुल्क की गई थी। पालीताणा में दादा आदिनाथ की पावन यात्रा के दौरान उत्पन्न यह सेवा भाव आज एक सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन के रूप में सामने आया है।
यह संपूर्ण यात्रा केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सेवा, श्रद्धा और आध्यात्मिक साधना का एक जीवंत उदाहरण बनकर समाज में नई चेतना का संचार कर गई। उल्लेखनीय है कि उक्त यात्रा आदिनाथ तीर्थ यात्रा ग्रुप, जावरा द्वारा आयोजित की गई थी। इस ग्रुप द्वारा पूर्व में भी कई सफल यात्राएं आयोजित की जा चुकी हैं, जिनकी समाज में व्यापक सराहना हुई है।
इस अवसर पर ग्रुप के राहुल छाजेड़ तथा पवन ओस्तवाल द्वारा शीघ्र ही गिरनार तीर्थ यात्रा आयोजित करने की घोषणा भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *