पत्रकार सुरक्षा कानून की माँग को लेकर भोपाल में पत्रकारों की महारैली

रतलाम । पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किए जाने की माँग को लेकर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में आगामी 1 मई 2026 , मजदूर दिवस पर भोपाल में विशाल रैली प्रदर्शन का आयोजन किया गया है । संघ के ऑनलाइन सदस्यता समिति के प्रदेश संयोजक शरद जोशी, प्रदेश सचिव भेरूलाल टांक,रतलाम संभाग अध्यक्ष प्रीति पाल सिंह राणा, महामंत्री विजय मीणा, रतलाम जिला अध्यक्ष राजेश जैन व महामंत्री श्री दिनेश दवे ने बताया कि मध्य प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों ‌व आंचलिक क्षेत्र से हजारों पत्रकार साथी एक मई को इस महारैली प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे । रतलाम जिले में 250 से अधिक सदस्य है जिन्हें भी बड़ी संख्या में भोपाल में उपस्थिति दर्ज करनी है । वर्तमान परिवेश में पत्रकार सुरक्षा कानून का लागू होना नितांत आवश्यक है । मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ पिछले लंबे समय से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने हेतु संघर्षरत है । एक मई को भोपाल में होने वाला प्रभावी प्रदर्शन ही पत्रकार सुरक्षा क़ानून लागू करने की माँग पूरी होने की दिशा तय करेगा । महारैली एवं प्रदर्शन में पत्रकारों का संख्या बल सरकार को यह क़ानून लागू करने के लिए विवश कर देगा । रतलाम जिले के सभी जिला पदाधिकारियों , ब्लॉक पदाधिकारियों व प्रभारियों से आग्रह है कि एक मई को वे ट्रेन या निजी चार पहिया वाहनो से भोपाल जाने तथा क्षेत्र के सदस्यों को भोपाल में आयोजित इस महारैली में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें । संभव हो सके तो अपने अपने ब्लॉक में मीटिंग आयोजित कर भोपाल जाने की रणनीति पर चर्चा कर योजना बनाये । जिला पदाधिकारी, प्रदेश एवं संभाग के पदाधिकारी इस संबंध में जल्द ही क्षेत्र में दौरा करेंगे । पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने का यह मुद्दा पत्रकारों के अस्तित्व की लड़ाई है जो पत्रकारों की एक जुटता व संघ के प्रति समर्पण और ज़ज़्बे पर निर्भर है। सभी सदस्य साथी पत्रकारों से इस महारैली में जोश और उत्साह के साथ शामिल होने का आग्रह संघ के पदाधिकारियों ने किया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound