एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब द्वारा रतलाम के उद्योगों को राहत की दिशा में पहल

राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र महानिदेशक से मुलाकात कर टेस्टिंग लैब की मांग, उज्जैन लैब से क्षेत्रीय उद्योगों को मिलेगा संबल

उज्जैन। मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआईडीसी) द्वारा आयोजित उद्योग हितधारक संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र (नेशनल टेस्टिंग हाउस) द्वारा उज्जैन में बीआईएस एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित अत्याधुनिक प्रयोगशाला की स्थापना की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय उद्योगों को बड़ी सुविधा मिलने की संभावना है। इसी क्रम में एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र के महानिदेशक डॉ. आलोक श्रीवास्तव एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली के उपसचिव प्रशांत दुबे से भेंट कर रतलाम जिले के औद्योगिक उत्पादों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि उज्जैन में स्थापित हो रही प्रयोगशाला के अंतर्गत रतलाम, मंदसौर एवं नीमच के उद्योगों की सुविधा हेतु रतलाम में एक संग्रहण केंद्र (Collection Center) स्थापित किया जाए, जिससे स्थानीय उद्योगों को त्वरित एवं सहज परीक्षण सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही, औद्योगिक इकाइयों में स्थापित लैब उपकरणों के कैलिब्रेशन की सुविधा भी इसी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर के कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) में स्थापित लैब को राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र से अधिकृत करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, ताकि वहां किए जाने वाले परीक्षणों को अंतरराष्ट्रीय मानकों की मान्यता प्राप्त हो सके और उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़े।
वर्तमान में मेटलर्जिकल, आयरन पाउडर, प्लास्टिक एवं खाद्य उत्पादों—जैसे तेल, नमकीन, बेसन आदि—की गुणवत्ता जांच के लिए उद्योगपतियों को मुंबई, दिल्ली या इंदौर जाना पड़ता है, जिससे समय और लागत दोनों बढ़ते हैं। ऐसे में उज्जैन में राष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशाला की स्थापना एवं रतलाम में उससे जुड़ी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के उद्योगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के वरुण पोरवाल, संदीप व्यास, वैभव कुमार जैन एवं ललित चोपड़ा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound