पशुओं के लिए आहार एवं प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति
रतलाम 26 अप्रैल । उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाए विभाग श्री नवीन शुक्ला ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में किसानों द्वारा पराली जलाने की समस्या के निदान के लिए अब किसानों के खेत से पराली का भूसा बना कर परिवहन कर गौशाला में पहुंचाने की कार्ययोजना पर कार्यवाही की जा रही है । इसका उपयोग गौशाला में पशु आहार के रूप में किया जाएगा। रतलाम जिले में तालिदाना की गौशाला मे किसानों के खेत की पराली का भूसा बनाने और परिवहन का खर्च गौशाला संचालक द्वारा भुगतान किया जा रहा है। श्री गजराज सिंह राठौर अध्यक्ष तालिदाना गौशाला ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष लगभग 150 ट्रॉली भूसा अपनी गौशाला तालिदाना में 1800 रू प्रति ट्राली किसानों से खरीदा है। इससे किसानों को पराली नहीं जलाना पड़ी साथ ही प्रदूषण से भी मुक्ति मिली । रतलाम जिले की विभिन्न गौशालाओं में भी कॉम्बो कंबाइन हार्वेस्टर के माध्यम से भूसा बना कर गौ शालाओ मे परिवहन की कार्यवाही की जा रही है।