
जावरा (अभय सुराणा) । ऐतिहासिक एवं चमत्कारी तीर्थ श्री होरी हनुमान धाम में हनुमान जी महाराज के नव-निर्मित मंदिर की कलश स्थापना की तृतीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर 8 मई 2026 (शुक्रवार) को भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मां अन्नपूर्णा शक्तिपीठ सेमलिया धाम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर मधुसूदनानंद जी महाराज (श्री पंचायती अखाड़ा) के सान्निध्य एवं संतों के आशीर्वाद में संपन्न होगा।
इस अवसर पर श्री सिद्धू मनोकामना महायज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में बाबा कालिदास महाराज (सांपला), कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, राजस्थान के महंत एवं सांसद बालकनाथ जी, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा सहित अनेक संत-महात्माओं व जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः हवन-पूजन से होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे ध्वजारोहण एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं 12:30 बजे से महाप्रसादी (भंडारा) का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी बंधुओं, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।