पिपलौदा में अस्थल मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

पिपलौदा । रतलाम जिले के पिपलौदा तहसील में स्थित प्राचीन अस्थल मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर स्थानीय नागरिकों ने पहल करते हुए तहसीलदार देवेंद्र दान गढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए इसके शीघ्र मरम्मत और सौंदर्यीकरण की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अस्थल मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, लेकिन लंबे समय से उचित देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति जर्जर होती जा रही है। ऐसे में मंदिर के संरक्षण और विकास के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई।
इस अवसर पर पेंशनर संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश पोरवाल, उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राठौड़, सचिव लोकेंद्र सिंह डोडिया, गौ माता प्रेमी मोहन पहलवान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई।