इंदौर में गच्छाधिपति आचार्य श्री हितेशचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. आदि ठाणा का भव्य मंगल प्रवेश

इंदौर (शिरीष सकलेचा) । माँ अहिल्या की पावन नगरी इंदौर एक बार फिर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठी। शहर के तिलक नगर क्षेत्र में 2 से 4 मई तक आयोजित होने वाले भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव की कड़ी में मंगलवार, 29 अप्रैल को गच्छाधिपति प.पू. आचार्य देव श्रीमद्विजय हितेशचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. आदि ठाणा का मंगल प्रवेश भव्यता और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।
प्रातः 9 बजे सौभाग्य विला, 335 साकेत नगर से मंगल प्रवेश, प्रतिमा प्रतिष्ठा चल समारोह एवं जाजम वरघोड़ा प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर प.पू. गच्छाधिपति आचार्यदेव श्रीमद्विजय ऋषभचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. के पट्टधर वर्तमान गच्छाधिपति आचार्यदेव श्रीमद्विजय हितेशचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. के साथ ज्योतिषरत्न प.पू. मुनिराज श्री दिव्यचन्द्रविजयजी म.सा., ज्ञानप्रेमी प.पू. मुनिराज श्री पुष्पेंद्रविजयजी म.सा., सेवाभावी प.पू. मुनिराज श्री रूपेन्द्रविजयजी म.सा. एवं सरलमना प.पू. मुनिराज श्री वैराग्ययशविजयजी म.सा. विराजमान रहे।
श्रमणीवृंद में प.पू. साध्वी श्री किरणप्रभाश्रीजी म.सा., प.पू. साध्वी श्री तत्वलोचनाश्रीजी म.सा., प.पू. साध्वी श्री सौम्यदर्शिताश्रीजी म.सा., प.पू. साध्वी श्री रश्मिरेखाश्रीजी म.सा. एवं प.पू. साध्वी श्री विरागयशाश्रीजी म.सा. की पावन उपस्थिति रही। समाजजनों ने आचार्य, मुनि एवं श्रमणीवृंद की अगवानी कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इससे पूर्व प्रातः 8 बजे साकेत क्लब, साकेत नगर में नवकारसी का आयोजन रखा गया, जिसके लाभार्थी स्व. श्री मानमलजी एवं स्व. श्रीमती कमलाजी की स्मृति में श्री संजयजी, प्रीतिजी, हार्दिकजी मोदी परिवार रहे। मंगल प्रवेश शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री राजेंद्रसूरी आराधना भवन, तिलक नगर पहुँची, जहां वाराणसी नगरी में आचार्यश्री के पावन प्रवचन एवं जाजम बिछाने का चढ़ावा सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुजानमल सेठ (मैनेजिंग ट्रस्टी), वरिष्ठ भाजपा नेता मेघराज जी जैन, श्रेणिक लूनावत, संतोषजी पुराणी, महोत्सव समिति अध्यक्ष संजय मोदी, प्रेम कमल वागरेचा, सौरभ चोपड़ा, अजित गूगलिया, राकेश जैन (पार्श्वनाथ), राकेश बरड़िया एवं प्रदीप जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जाजम बिछाने के चढ़ावे का लाभ श्रीमान प्रेम कमलजी वागरेचा परिवार ने लिया। सायं 5:30 बजे जाजम का वरघोड़ा लाभार्थी परिवार निवास से प्रारंभ होकर श्री तिलकेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर होते हुए सायं 6:30 बजे वाराणसी नगरी पहुँचा, जहां जाजम पर प्रतिष्ठा महोत्सव चढ़ावे का कार्यक्रम प्रसिद्ध भजन गायक श्री दीपक करनपुरिया (प्रतापगढ़) द्वारा सम्पन्न कराया गया।

Play sound