निरीक्षण के दौरान माननीय सांसद उज्जैन आलोट श्री अनिल फिरोजिया भी रहे उपस्थित




रतलाम, 06मई। महाप्रबंधक, पश्चिम रेलवे श्री रामाश्रय पाण्डेय द्वारा 06 मई, 2026 को रतलाम मंडल के उज्जैन प्रवास के दौरान वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 से 8 तक का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक द्वारा स्टेशन परिसर में उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने रनिंग रूम, हेल्थ यूनिट, लिफ्ट एवं एस्केलेटर की कार्यशीलता की जांच की, साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया, पे एंड यूज़ टॉयलेट, बुकिंग कार्यालय एवं प्रतीक्षालय आदि का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त प्लेटफार्म क्रमांक 8 की ओर नवनिर्मित ट्रेन संचालन नियंत्रण केंद्र एवं प्रस्तावित क्राउड होल्डिंग एरिया का भी अवलोकन किया गया।
महाप्रबंधक श्री पाण्डेय द्वारा उज्जैन स्टेशन के अतिरिक्त सिंहस्थ के दृष्टिगत महत्वपूर्ण स्टेशनों—पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, चिंतामन गणेश, मोहनपुरा एवं विक्रम नगर—का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनिल फिरोजिया, माननीय सांसद (उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र) भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान इन स्टेशनों पर प्रस्तावित एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों जैसे हाई लेवल प्लेटफार्म, कवर शेड, फुट ओवर ब्रिज, क्राउड होल्डिंग एरिया, बाउंड्री वॉल एवं अप्रोच रोड आदि की समीक्षा की गई। साथ ही सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु पानी, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उज्जैन रेलवे स्टेशन स्थित वीआईपी कक्ष में मीडिया से चर्चा करते हुए महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के दौरान संभावित अत्यधिक यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी निर्माण कार्य वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।इस अवसर पर क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य श्री महेंद्र गाड़िया एवं श्री विजय अग्रवाल द्वारा महाप्रबंधक का स्वागत किया गया। साथ ही विभिन्न श्रम संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी महाप्रबंधक से भेंट कर अपनी मांगें प्रस्तुत कीं।
महाप्रबंधक के इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार सहित रतलाम मंडल के सभी शाखाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।