जिले में जारी फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान के तहत होटल समता सागर का निरीक्षण

रतलाम । ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ते तापमान के दृष्टिगत अग्निदुर्घटनाओं की संभावनाओं में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार जिले के विभिन्न अनुभागों में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर अनुविभाग स्तर पर फायर सेफ्टी ऑडिट दल गठित किया गया एवं ऑडिट कार्य 01 मई से प्रारंभ किया गया है।
इसी क्रम में 7 मई को प्रातः जिला प्रशासन रतलाम शहर के संयुक्त दल द्वारा होटल समता सागर रतलाम का अग्नि सुरक्षा अंतर्गत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में होमगार्ड विभाग, फायर विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग एवं एमपीईबी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल में कुल 63 कमरे हैं, जबकि फायर इक्विपमेंट के रूप में केवल 6 नग एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर एवं 2 नग CO2 फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध हैं। टीम द्वारा होटल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक संख्या में अग्निशमन उपकरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान हाईड्रेंट लाइन बंद पाई गई तथा अलार्म सिस्टम भी कार्यरत नहीं मिला। फायर ऑडिट टीम ने इन व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound