बिना लाइसेंस संचालित दो फर्मों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
रतलाम 10 मई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग रतलाम द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा द्वारा ताल एवं आलोट क्षेत्र में निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्यवाही के दौरान ताल स्थित फर्म विनयकुमार कैलाशचंद्र से हॉर्लिक्स पाउडर का नमूना लिया गया। इसके बाद ग्राम बामनखेड़ी स्थित श्री कृष्णा दूध संग्रहण केन्द्र से गाय के दूध का नमूना संग्रहित किया गया।
आलोट क्षेत्र में स्थित बजरंग आइसक्रीम एवं श्री देवनारायण आइसक्रीम के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बजरंग आइसक्रीम से कुल्फी तथा श्री देवनारायण आइसक्रीम से गुलाब सिरप एवं शक्कर घोल के नमूने लिए गए। वहीं संजय चौक आलोट स्थित रचित किराना से बादाम, वनस्पति एवं रसोई रीत सोयाबीन तेल के नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बजरंग आइसक्रीम एवं रचित किराना दोनों फर्म बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही थीं। इस पर दोनों के विरुद्ध बिना लाइसेंस संचालन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।