प्रमुख उद्योगपति विरेंद्र पोरवाल फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त अध्यक्ष निर्वाचित

  • भोपाल में केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में नवीन कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
  • पोरवाल बंधु विरेंद्र एवं सुरेंद्र पोरवाल उद्योग सेवा के पर्याय, पिछले 50 वर्षों से अधिक निरंतर उद्योग सेवा में लीन रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय – मंत्री काश्यप

भोपाल । होटल कोर्टयार्ड मैरियट, रतलाम शहर के वरिष्ठ एवं प्रमुख उद्योगपति एवं पोरवाल इंडस्ट्रीज के संस्थापक विरेंद्र पोरवाल को प्रदेश की शीर्ष औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्था फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त अध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया । नवीन कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह रतलाम से ही विधायक एवं एमएसएमई केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य एवं मंत्री श्रम कल्याण एवं ग्रामीण विकास विभाग प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ । कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन से हुआ जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष दीपक शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक साधारण सभा के कोरम की जानकारी दी तथा विगत वर्ष में फेडरेशन द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियां का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने उद्योगपति वीरेंद्र पोरवाल को उद्योग सेवा का पर्याय बताया एवं उद्बोधन में कहा कि पोरवाल 50 वर्षों से अधिक निरंतर उद्योग सेवा में लीन है जो की रतलाम एवं प्रदेश के लिए गर्व का विषय है ।
मंत्री काश्यप ने पोरवाल को संयुक्त अध्यक्ष पद पर निर्वाचित किए जाने पर संस्था के लिए विकासशील एवं अत्यंत सौभाग्यपूर्ण बताया । काश्यप ने कहा कि प्रदेश के उद्योगपति अपने उत्पादों की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास करें, उन्होंने यह भी घोषणा की कि फेडरेशन के प्रतिनिधियों को प्रदेश एवं जिला स्तरीय औद्योगिक समितियां में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, उन्होंने बताया कि विभाग लगातार इज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत कार्य कर रहा है तथा उद्योगों के संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली अनेक प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है । उन्होंने फेडरेशन से भी सुझाव आमंत्रित किए जिससे उद्योगों की उत्पादन प्रक्रिया को सुगमता से हासिल किया जा सके ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने पोरवाल की सराहना करते हुए कहा कि 54 वर्ष से उद्योग संचालित करना कोई मामूली बात नहीं एवं 50 वर्षों से अधिक उद्योग सेवा में लीन रहना सच्चा साधुवाद है, अपने उद्धबोधन में मंत्री काश्यप की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि राजनीति को सेवा मान कार्य करना एवं वेतन भत्ता नहीं लेना अत्यंत सराहनीय । आपने कहा की श्रमिकों एवं व्यापारियों के मध्य बेहतर सामंजस्य विकसित करने के प्रयास किए जा रहे है, वर्तमान में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं उद्योगों के तहत मौजूद मालिक श्रमिक अंतर को कम करने की आवश्यकता है तथा श्रम कानून को सरल एवं समान्य भाषा में बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है । नवीन कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आपने आश्वस्त किया कि फेडरेशन को श्रम विभाग की परामर्श समितियां में शामिल किया जाएगा । नवनिर्वाचित अध्यक्ष हिमांशु खरे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि उद्योग एवं व्यापारिक क्षेत्र में मार्केटिंग सुधार की अत्यधिक आवश्यकता है एवं संस्था उद्योग एवं व्यापार वृद्धि हेतु सक्रिय भूमिका निभाएगी । पूर्व अध्यक्ष आर एस गोस्वामी एवं सचिव प्रवीण आचार्य ने भी अपने विचार रख सदन को संबोधित किया ।
वरिष्ठ उद्योगपति विरेंद्र पोरवाल के निर्वाचन पर शहर एवं प्रदेश की शीर्ष औद्योगिक संस्थाओं ने बधाई संदेश भेजे जिसमें प्रमुख तौर पर मालवा चैंबर ऑफ़ कॉमर्स,संभागीय उद्योग संघ, नमकीन एलाइड एवं फूड क्लस्टर एसोसिएशन, एसोसिएशन ऑफ इंडस्टरीज मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज आदि प्रमुख संगठनो ने बधाई संदेश प्रेषित कर हर्ष व्याप्त किया l इस अवसर पर युवा उद्योगपति वरुण पोरवाल, पूर्व सांसद रतलाम झाबुआ लोकसभा क्षेत्र गुमान सिंह डामोर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से 250 से अधिक प्रमुख उद्योगपति उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound