

रतलाम 14 मई। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में रतलाम विकासखंड के ग्राम बड़ोदिया में पीएचई विभाग के सहायक यंत्री श्री डी.सी. कथिरिया एवं जिला सलाहकार श्री आनंद व्यास ने गांव का भ्रमण कर पेयजल व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में हैंडपंप, ट्यूबवेल एवं निजी जल स्त्रोतों की स्थिति के संबंध में सरपंच, सचिव तथा ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। सरपंच श्री मानसिंह पडियार ने बताया कि गांव में पेयजल की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में 9 सिंगल फेज मोटर शासकीय नलकूपों पर संचालित हैं तथा 7 हैंडपंपों में से 6 चालू स्थिति में हैं। इसके अलावा गांव में 50 से अधिक निजी ट्यूबवेल भी संचालित हैं, जिससे पानी की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि जल निगम की योजना अंतर्गत पाइपलाइन एवं पानी की टंकी निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
ग्रामीण श्री अठे सिंह सिसोदिया ने कहा कि गांव में पर्याप्त जल उपलब्धता है तथा पशुओं के लिए भी 24 घंटे पानी का हौज भरा रहता है। पंचायत सचिव श्री घनश्याम बैरागी ने बताया कि गांव में पानी को लेकर कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को पेयजल स्त्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं जल संरक्षण तथा संवर्धन के प्रति जागरूक भी किया। इस अवसर पर श्री नागेश्वर परमार, श्री बाबूलाल बोडाना, धुरी बाई परमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।