

रतलाम । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत रतलाम द्वारा आयोजित 5-दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को कृषि उपार्जन एवं भंडारण व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम हकीमी वेयरहाउस, रतलाम में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले के विशेष सहयोग एवं जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कुल 9 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर कृषि उपज के “खेत से गोदाम तक” पहुँचने की संपूर्ण प्रक्रिया को समझा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को बताया कि वैज्ञानिक पद्धति से भंडारण करने से अनाज की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है और किसानों को बेहतर लाभ प्राप्त होता है। साथ ही प्रतिभागियों को वेयर हाउस रिसीप्ट प्रणाली एवं खाद्य सुरक्षा चक्र की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि किसान अपनी फसल को किस प्रकार मंडी एवं उपार्जन केंद्र तक लाता है तथा वहाँ अनाज की गुणवत्ता, नमी एवं शुद्धता की जांच किस प्रकार की जाती है। युवाओं ने अनाज तौल प्रक्रिया, पावती जारी करने, सुरक्षित भंडारण, ग्रेडिंग एवं वेयरहाउस प्रबंधन की तकनीकी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं तथा कृषि एवं भंडारण व्यवस्था को समझने का उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में किसानों के प्रति सम्मान एवं कृषि आधारित रोजगार के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।