रतलाम 15 मई । उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री आर. के. सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा हैं। किसानों तक कृषि एवं संबंधित विभाग पशुपालन, उद्यानिकी मत्स्य पालन, एवं कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से नई तकनीकी जानकारी और शासकीय योजनाओं को सीधे पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में 16 मई से 10 दिवसों तक कृषि रथ चलाया जायेगा।
म.प्र. शासन के दिशा निर्देशानुसार कृषि रथ रतलाम जिले के प्रत्येक विकासखंड मे प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों में जाएगा। इसके माध्यम से खरीफ फसलों की बुवाई से पहले किसानों को उपयोगी जानकारी दी जाएगी। किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उर्वरक का संतुलित उपयोग, कीट. रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, खेती को लाभकारी बनाने के उपाय तथा विभिन्न शासकीय कृषि योजनाओं, साथ ही ई. विकास प्रणाली अंतर्गत ई.टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा उर्वरकों का अनुशंसा अनुसार उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
कृषि रथ का शुभारंभ 16 मई को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। रथ के साथ कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो कृषकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें नवीनतम एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान करेंगे। इस पहल से किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, उत्पादन बढाने, तकनीकी एवं विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा।