झाबुआ कोविड-19 के संक्रमण के बचाव एवं रोकथाम के लिए गठित जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सोमवार को यहां कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रभारी कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। श्री जैन ने कहा कि जिले में ग्रामीण हाट बाजार बन्द रहेंगे। विवाह बन्द हाल में 50 लोग तथा खुली जगह में 100 लोग शामिल हो सकेंगे। डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबन्ध रहेगा। ग्रामीण क्षेत्र में कोटवार विवाह की सूचना तत्काल देवेगे। पटेल विवाह में कितने लोग उपस्थित रहेगें इसकी सूचना प्रशासन को देंगे। साथ ही विवाह में कम से कम लोग शामिल हो और दिन में विवाह कार्यक्रम आयोजित हो इस बात का भी विषेश ध्यान रखे। श्री जैन ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के लिए शासन को अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा जावेगा। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि भविष्य जिले में कोरोना के प्रकरण बढ़ जाने की स्थिति में बैठक नहीं होगी और बैवीनार के माध्यम से यह बैठक रखी जावेगी।
सांसद श्री गुमानसिंह डामोर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्वास्थ्य केन्द्रो, फीवर क्लीनिक को और अधिक मजबूत बनाए। जिला अस्पताल से लोग नाराज होकर न जाए। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आईसीयू को तत्काल चालू किया जावे। श्री डामोर ने कहा कि व्यापारियों द्वारा उपभोक्ताओं द्वारा मास्क नहीं लगाने पर सामान नहीं दिया जाता है। यह बात ठीक नहीं है। व्यापारियों को चाहिये की वे उपभोक्ताओं को मास्क उपलब्ध कराकर मास्क की राशि शामिल कर सामान उपलब्ध कराए। श्री डामोर ने पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं नियत्रंण के लिए रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की प्रशंसा की। साथ ही जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की पुरी टीम के प्रशंसा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिले सराहनीय प्रयास किए जा रहे है।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्व में जारी आदेश में रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन रहेगा। उसमें पूर्व की भांति कड़ाई से आदेश का पालन कराया जा रहा है। रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। इस बैठक में विधायक थांदला श्री वीरसिंह भूरिया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री लक्ष्मणसिंह नायक तथा समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए।
इस बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री जे.एस.बघेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्री शिशिर गेमावत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला सुश्री ज्योति परते, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर श्री एल.एन.गर्ग सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।