गंगा दशहरा पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” के लिए कार्ययोजना बना कर करे कार्यवाही- कलेक्टर

जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए बैठक संपन्न

रतलाम । कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर जिले में कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई । बैठक में कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भव्य आयोजन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री रत्नेश विजयवर्गीय, पी ओ डूडा श्री अरुण पाठक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

दो चरणों में होंगे विशेष कार्यक्रम

गंगा दशहरा पर आयोजित कार्यक्रम के प्रथम चरण में दिन मे जनसहभागिता से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इसके बाद द्वितीय चरण में गंगा दशहरा विषय पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों में क्षेत्र के सांसद, विधायक, नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

श्रमदान से होगा जल संरचनाओं का पुनर्जीवन

अभियान के अंतर्गत जनसमुदाय, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से स्थानीय जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन किया जाएगा। श्रमदान तथा मशीन, ईंधन और परिवहन जैसे संसाधनों के सहयोग से कुओं, नहरों, बावड़ियों और तालाबों की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
इसके साथ ही घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी और बंद पड़े पुराने बोरवेल और ट्यूबवेल के पास रिचार्ज पिट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे भूजल स्तर सुधारने में मदद मिल सके। शासन द्वारा प्रत्येक जिले में 4 से 5 उत्कृष्ट कार्य चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक चलेगा अभियान

अभियान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत और नगरीय वार्ड स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जायेगे। औद्योगिक, सामाजिक, धार्मिक, स्वयंसेवी संगठनों और महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सीईओ जिला पंचायत, नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम आयुक्त एवं जिला शहरी विकास प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी को निर्देशानुसार कार्ययोजना बना कर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound