
रतलाम 23 मई । कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पी.सी. केरवार के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध जिले में सघन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार रात्रि लगभग 7:30 बजे वृत परगना रतलाम प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती वंदना अग्रवाल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चार पहिया वाहन क्रमांक एमपी 44 बीसी 0889 से ग्राम झर से संदला रोड पर अवैध मदिरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी दल तत्काल मौके पर पहुंचा तथा घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक इनोवा वाहन को खेतों की ओर मोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। समक्ष पंचान वाहन इनोवा की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें 38 पेटी प्लेन मदिरा, 17 पेटी मसाला मदिरा एवं 11 पेटी ट्यूबोर्ग बीयर सहित कुल 66 पेटी मदिरा बरामद की गई। जप्त मदिरा की कुल मात्रा 627 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपए है। वहीं जप्त इनोवा वाहन की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपए है।
वाहन से अवैध मदिरा परिवहन पाए जाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
सम्पूर्ण कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री सचिन भास्करे, श्री चेतन वेद, श्री पुष्पराज सिंह चौहान, श्री अर्पित पांडे, श्रीमती संतोष मंडलोई तथा आबकारी आरक्षक श्री संतोष नेका, श्री प्रहलाद सिंह राठौर, श्री बनसिंह अहरे, श्री वरुण चौहान, श्री मनोज वर्षी, श्री दिनेश खारोल एवं नगर सैनिक श्री चेतराम मालवीय का सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।