लघु उद्योग भारती शहर एवं इंडस्ट्रियल इकाई की पहल, योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प

रतलाम। लघु उद्योग भारती की शहर इकाई एवं इंडस्ट्रियल इकाई द्वारा आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चैतन्य काश्यप ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के फ्लेक्स कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। कार्यक्रम में योजना के उद्देश्यों एवं इसके माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को सशक्त बनाने की दिशा में विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री चैतन्य काश्यप उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय तथा रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।
‘सम्मान, समर्थ और समृद्धि’ का आधार है पीएम विश्वकर्मा योजना
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना देश के पारंपरिक शिल्पकारों, कारीगरों एवं विश्वकर्मा समुदाय के उत्थान के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना उन्हें सम्मान, प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, वित्तीय सहायता एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।
शहरभर में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से फ्लेक्स कैलेंडर एवं फ्लेक्स बैनरों के माध्यम से शहरभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राही इस योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
विमोचन कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अनिल सारडा सहित अचिंत पोरवाल, शैलेंद्र सुरेका, राजेश रांका, कुंदन सोनी, आशीष अग्रवाल, अनिल चोपड़ा, निलेश बोरदिया, रौनक चोपड़ा, चंद्रप्रकाश आवतानी, विजय धनोतिया, अभिषेक मंत्री, संजय कसेरा, ललित चोपड़ा, दिनेश जैन, प्रशिल अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में उद्योगपति, भाजपा पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया।