जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी : प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह

  • गंगा दशमी पर झाली तालाब में मे जल पूजन कर दीप प्रज्वलन किया गया
  • प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह ने दिलाई जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ

रतलाम । गंगा दशमी के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कालिका माता परिसर स्थित झाली तालाब पर जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग मंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं रतलाम जिला प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य आतिथ्य में जल पूजन ,दीप प्रज्वलन ,दीपदान एवं भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री द्वारा कालिका माता के दर्शन एवं पूजन के साथ की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और ऊर्जा बचत आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सामाजिक अभियान है। प्रदेशभर में जल स्त्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि एक जिले के एक ब्लॉक में सौर ऊर्जा आधारित पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। साथ ही खंडवा जिले की ग्राम पंचायतों में लगाए गए वाटर फिल्टर प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूल एवं आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए 1400 ग्राम पंचायतों में यह व्यवस्था की गई है। योजना सफल होने पर इसे सभी जनजातीय जिलों में लागू किया जाएगा। डॉ शाह ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण जल स्रोतों को दूषित करने का प्रमुख कारण है, इसलिए सभी नागरिकों को प्लास्टिक के विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने शादी-ब्याह एवं सामाजिक आयोजनों में स्टील के बर्तनों के उपयोग की अपील भी की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि गंगा दशहरे के अवसर पर पूरे प्रदेश में नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से जनसहभागिता के साथ जल संरक्षण एवं स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अमानक पॉलीथिन एवं हानिकारक रसायनों के उपयोग को बंद करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल शपथ लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन को जागरूक करने के साथ उन्हें व्यवहारिक विकल्प उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में आर डी ए अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, महामंत्री श्री जयवंत कोठारी, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा श्री विप्लव जैन, एमआईसी सदस्य श्री धर्मेंद्र व्यास, श्री विशाल शर्मा, श्रीमती अनीता कटारा, श्री मयूर पुरोहित, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, एस पी श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह, पी ओ डूडा श्री अरुण पाठक सहित अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।कार्यक्रम में श्री अनिरूद्ध मुरारी द्वारा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound