
जावरा । शहर के मंशापूर्ण रोड स्थित मित्र नगर कॉलोनी में इन दिनों गंभीर विद्युत समस्या से क्षेत्रवासी परेशान हैं। कॉलोनीवासियों ने मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी से जल्द समाधान की मांग करते हुए बताया कि पुराने ट्रांसफार्मर से क्षेत्र में विद्युत सप्लाई दी जा रही है, लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता से अधिक कनेक्शन जोड़ दिए जाने के कारण लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
मित्र नगर विकास समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा का कहना है कि कम वोल्टेज के चलते घरों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं तथा पंखे, कूलर और अन्य उपकरण सही तरीके से कार्य नहीं कर पा रहे। भीषण गर्मी के बीच पर्याप्त बिजली सप्लाई नहीं मिलने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मित्र नगर कॉलोनी के अभय सुराणा के साथ ही अंबाराम चौधरी अनिल काला पुष्पेंद्र गंगवाल कांतिलाल दलाल प्रमोद पाटौदी राकेश डारीया दिलीप गंगवाल सुदीप मेहता के सी जैन ने बताया कि ट्रांसफार्मर काफी पुराना हो चुका है और वर्तमान भार को संभालने में सक्षम नहीं है। बार-बार वोल्टेज घटने-बढ़ने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रहवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की स्थापना की जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।