15 अक्टूबर तक कर सकेंगे च्वाइस फिलिंग एवं प्रवेश संबंधी प्रक्रिया
रतलाम 10 अक्टूबर । अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एमपीएसएसडीईजीबी भोपाल श्री डी.एस. ठाकुर ने बताया कि आईटीआई प्रवेश 2026 के अंतर्गत पहले आओ पहले पाओ (FCFS) राउंड की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से प्रारंभ हो गई है। इस राउंड के अंतर्गत संस्थावार एवं व्यवसायवार रिक्त सीटों की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। नवीन रजिस्ट्रेशन च्वाइस फिलिंग एवं त्रुटि सुधार के लिए पोर्टल 10 से 15 अक्टूबर 2026 तक खुला रहेगा।
इस राउंड में अभ्यर्थी स्वेच्छा से किसी एक आईटीआई के किसी एक ट्रेड का चयन कर सकेंगे। सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए च्वाइस फिलिंग करना अनिवार्य है। च्वाइस लॉक करने के बाद संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए अभ्यर्थियों को सावधानीपूर्वक आईटीआई एवं व्यवसाय का चयन करना होगा। च्वाइस फिलिंग से पहले संबंधित आईटीआई में व्यवसायवार रिक्त सीटों की संख्या अवश्य जांच लें।
अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए 50 रुपये का भुगतान कर च्वाइस लॉक करना होगा। इसके बाद अलॉटमेंट लेटर प्रिंट कर संबंधित आईटीआई में सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं दो सेट फोटोकॉपी के साथ पहुंचकर उसी दिन सत्यापन करवाना होगा। सत्यापन के बाद प्रवेश फीस का भुगतान कर प्रवेश स्लिप प्रिंट करना होगा तथा उसे आईटीआई में जमा करना होगा।
यदि कैंडिडेट द्वारा उपरोक्त प्रक्रिया को पूर्ण नहीं किया जाता है तो उनका अलॉटमेंट संस्था द्वारा अगले कार्यालयीन दिवस में दोपहर 01 बजे के पश्चात निरस्त कर रिक्त सीट अनुसार अन्य आवेदक को प्रवेश दिया जा सकेगा।