जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत : मंत्री श्री काश्यप

  • गंगा दशहरा पर शाहपुरा झील में किया श्रमदान, आमजन से जलगंगा संवर्धन अभियान से जुड़ने का किया आह्वान
  • शाहपुरा झील की सफाई एवं वृक्षारोपण में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने निभाई सक्रिय भूमिका

रतलाम 25 मई /गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप ने शाहपुरा झील में श्रमदान कर जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन तथा अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ शाहपुरा झील की साफ-सफाई हेतु श्रमदान किया। इस दौरान पर्यावरण परिसर (एप्को) में वृक्षारोपण भी किया गया।
प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न पर्वों और अवसरों को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर जनसहभागिता बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल में भी नगर निगम द्वारा तालाबों, कुओं और बावड़ियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
श्री काश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहर में जलप्रदाय, सीवेज प्रबंधन एवं स्वच्छता से जुड़े अनेक कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहतर शहर बनाने में सहायता मिल रही है।
गंगा दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए प्रभारी मंत्री श्री काश्यप ने नागरिकों से जलगंगा संवर्धन अभियान से अधिकाधिक संख्या में जुड़ने और जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि नगर निगम शहर के जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने जलगंगा संवर्धन अभियान में सहभागिता के लिए प्रभारी मंत्री श्री काश्यप सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने शाहपुरा झील से कचरा एवं गाद निकालकर उसके उचित निष्पादन में सहयोग किया। साथ ही पर्यावरण परिसर में आम, बादाम, करंज और पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound