रतलाम। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री अरिहंत कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन ने इस वर्ष बीबीए एवं बीसीए परीक्षाओं में 100% परिणाम हासिल कर शिक्षा जगत में एक नया इतिहास रच दिया है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे रतलाम शहर का गौरव बढ़ाया है। महाविद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
बीबीए संकाय में श्रुति व्यास ने 86.20% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दिशा सारस्वत ने 85.30% अंकों के साथ द्वितीय तथा श्रियल पिरोदिया ने 84.80% अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार बीसीए संकाय में नवनीत राव सालुंके ने 85.70% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया। वहीं शिवानी पटेल ने 84.30% अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं सुरेंद्र पाटीदार ने 81.70% अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर महाविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई तथा इस उपलब्धि को संस्था के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
संस्था प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं संस्था की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्रबंधन ने कहा कि संस्था सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों एवं उत्कृष्ट शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेगी।
महाविद्यालय के वाइस प्रिंसिपल डॉ. राहुल मेहता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा,
हमारे विद्यार्थियों ने अनुशासन, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह परिणाम पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
वहीं महाविद्यालय प्रशासक डॉ. आनंद त्रिवेदी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा,रतलाम शहर के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है कि हमारे विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। आने वाले वर्षों में भी संस्था श्रेष्ठ शिक्षा एवं उत्कृष्ट परिणामों की परंपरा को आगे बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगी।
श्री अरिहंत कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि रतलाम का यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं उत्कृष्ट परिणामों के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।