बाढ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन के लिए वर्षाकाल पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

रतलाम । कलेक्टर सभागृह में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में वर्षाकाल पूर्व तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को बाढ़ आपदा की स्थिति में राहत शिविरों हेतु स्थान अभी से चिन्हित कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण विभाग से जुड़े सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे अपने निर्माण कार्यों से संबद्ध ठेकेदारों के पास उपलब्ध संसाधनों की सूची तैयार करें, ताकि आपदा के समय क्विक रिस्पांस किया जा सके। कलेक्टर ने डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड को प्रशिक्षित तैराक दल, लाइफ जैकेट, नाव, रस्सी, टॉर्च आदि संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वर्षा जनित बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक स्टाफ, दवाइयों एवं एन्टीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पटवारी एवं पंचायत सचिवों को आपदा के समय त्वरित कार्यवाही हेतु सक्रिय रखा जाए। साथ ही खुले कुओं, बोरवेल एवं गड्ढों को सुरक्षा की दृष्टि से ढंकने तथा माइनिंग क्षेत्र में बने गड्ढों के आसपास चेतावनी संकेतक लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। बारिश के दौरान पुलिया एवं रपटों पर बाढ़ का पानी होने की स्थिति में आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए तथा लोगों को सतर्क करने के लिए कोटवार एवं सचिवों की ड्यूटी लगाई जाए। पीएचई विभाग को पेयजल व्यवस्था बनाए रखने तथा आपूर्ति विभाग को पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने सर्पदंश एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बिजली एवं बाढ़ से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। पशुपालन विभाग को वर्षाजनित बीमारियों से पशुओं की सुरक्षा, उपचार एवं चारे-भूसे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार डिस्मेंटल करने की कार्यवाही करने तथा सभी अनुविभागों एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर उनके नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड श्रीमती रोशनी बिलवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound