स्विमिंग पूल को आवश्यक उपकरणों, केमिकल्स एवं सुरक्षा संसाधनों के साथ तत्काल चालू किया जाए – अनिल दसेड़ा

जावरा (अभय सुराणा)। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर के स्विमिंग पूल को आवश्यक उपकरणों, पानी शुद्ध करने वाले केमिकल्स एवं सुरक्षा संसाधनों के साथ तत्काल प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि स्विमिंग पूल लंबे समय से बंद होने के कारण क्षेत्र के युवा लगातार मोबाइल पर संदेश एवं फोन कर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग एक माह पूर्व मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नगर की तीन प्रमुख समस्याओं को लेकर पत्र सौंपा गया था। इनमें नगर के स्विमिंग पूल को प्रारंभ करना, अविकसित कॉलोनियों में नियमानुसार नामांतरण एवं भवन निर्माण अनुमति प्रदान करना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के अंतर्गत लंबित लगभग 250 आवेदकों को लाभ दिलाना शामिल था। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं परिषद के अधिकांश पार्षदों को भी उक्त समस्याओं के समाधान हेतु मांग पत्र सौंपा गया था।
अनिल दसेड़ा ने कहा कि मांग पत्र दिए जाने के लगभग दस दिन बाद स्विमिंग पूल प्रारंभ कर दिया गया था। वहीं 25 मई को आयोजित परिषद की बैठक में अविकसित कॉलोनियों में नामांतरण एवं भवन निर्माण अनुमति देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित होने पर उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा समस्त पार्षदों एवं एल्डरमैन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों से पुनः युवाओं के लगातार फोन आ रहे हैं कि स्विमिंग पूल कब चालू होगा। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी से चर्चा करने पर जानकारी दी गई कि कुछ टाइल्स टूट जाने के कारण स्विमिंग पूल बंद है तथा दो-तीन दिनों में मरम्मत कर इसे पुनः चालू कर दिया जाएगा। लेकिन तीन दिन बाद पुनः संपर्क करने पर भी यही जवाब मिला।
दसेड़ा ने कहा कि स्विमिंग पूल बंद होने से जावरा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सैकड़ों युवा निराश होकर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं 25 मई को स्विमिंग पूल पहुंचे थे, जहां बड़ावदा, कालूखेड़ा एवं जावरा के कई युवा साथी स्विमिंग पूल बंद होने के कारण निराश होकर वापस लौटते दिखाई दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि 25 मई को आयोजित नगर पालिका परिषद सम्मेलन में स्विमिंग पूल बंद होने जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कोई चर्चा नहीं होना समझ से परे है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि आज दोपहर लगभग 25 से 30 युवा साथियों के फोन आने पर वे स्वयं मौके पर पहुंचे तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी से चाबी मंगवाकर स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि एक भी टाइल टूटी हुई नहीं थी, अर्थात मरम्मत का कार्य पूर्व में ही पूर्ण हो चुका था।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि वहां पानी शुद्ध करने के केमिकल्स, पानी फिल्टर करने की मोटरें, साफ-सफाई हेतु सक्शन मशीन एवं उपयोग में आने वाले पाइप उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि भीषण गर्मी को देखते हुए जावरा एवं क्षेत्र के युवाओं की सुविधा एवं आमोद-प्रमोद के लिए आवश्यक सभी उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों एवं पानी शुद्ध करने वाले केमिकल्स की व्यवस्था कर स्विमिंग पूल को तत्काल प्रारंभ किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound