मानदेय भुगतान की माँग : 6 माह बीतने के बाद भी बीएलओ को नहीं मिला ‘एसआईआर सर्वे’ का पारिश्रमिक

​रतलाम। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रतलाम जिले में एसआईआर (SIR) सर्वे का कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को छह माह बीत जाने के बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। इसे लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने गहरी नाराजगी जताते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र सौंपकर शीघ्र भुगतान की माँग की है।
​मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के संभागीय सह संगठन मंत्री सर्वेश कुमार माथुर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रतलाम जिले के समस्त बीएलओ को एसआईआर सर्वे का कार्य करने हेतु आदेशित किया गया था। इस आदेश के परिपालन में सभी बीएलओ ने दिन-रात मेहनत करके समय अवधि के भीतर कार्य को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न किया था। अत्यंत खेद का विषय है कि इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण हुए लगभग 6 माह का समय बीत चुका है, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा आज दिनांक तक संबंधित बीएलओ को उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।
​पदाधिकारियों ने की खाते में राशि जमा करने की माँग
बीएलओ के हक की आवाज उठाते हुए मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री बद्रीलाल मडोतिया, जिला अध्यक्ष गोपाल उपाध्याय, सचिव जितेंद्र सिंह चौहान, जिला कोषाध्यक्ष बाबूलाल छाबड़ा एवं जिला उपाध्यक्ष सुखदेव शर्मा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुरोध किया है कि सभी बीएलओ का रुका हुआ मानदेय तत्काल उनके बैंक खातों में जमा कराया जाए।
​इस संबंध में संभागीय सदस्य संजय द्विवेदी, संजय राठौर, तहसील अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, कचरूलाल शर्मा, रंजीत परमार, जयेंद्र सिंह राठौर, सत्यनारायण बैरागी, रमेश परमार और सौरभ गुप्ता आदि पदाधिकारियों ने भी भारत निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन से पत्र लिखकर त्वरित भुगतान किए जाने की पुरजोर माँग की है।

Play sound