

रतलाम 28 मई /जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सैलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अडवानिया में समृद्धि परियोजना के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से निर्मित चेकडैम का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह निर्माण कार्य सुजलॉन फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग तथा बायपास संस्थान के माध्यम से किया गया है।
चेकडैम बनने से क्षेत्र में वर्षाजल संरक्षण, भू-जल स्तर सुधार एवं किसानों को सिंचाई में लाभ होगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अडवानिया की सरपंच जमना चैनराम मईडा मुख्य रूप से उपस्थित थी । कार्यक्रम में ग्राम विकास समिति के सदस्य देवचंदन पाटीदार, छोगालाल पाटीदार सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे ।
इस अवसर पर सुजलॉन फाउंडेशन के सीएसआर मैनेजर मध्यप्रदेश रामकुमार कटियार ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस प्रकार के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं सुजलॉन कंपनी के एरिया लाइजनिंग ऑफिसर धर्मेश देवडा ने ग्रामीणों से जल स्रोतों के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बायपास संस्थान की ओर से परियोजना समन्वयक सुरेन्द्र गेहलोत एवं सामुदायिक समन्वयक मंगल सिंह राठौर ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि समृद्धि परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में जल संरक्षण के कई कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए परियोजना के सफल संचालन के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।