सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों पर हुई विस्तृत चर्चा

रतलाम (अभय सुराणा)। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा अरनिया मंडी कार्यालय में मंडी व्यापारियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावरा, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा श्री प्रकाश गडरिया, थाना प्रभारी जावरा शहर श्री दीपक मंडलोई तथा मंडी सचिव श्री वसुनिया सहित क्षेत्र के व्यापारियों एवं मंडी प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान अरनिया मंडी से भीमाखेड़ी रेलवे फाटक तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण सुझावों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा मंडी क्षेत्र एवं मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
व्यापारियों को दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देश
बैठक में उपस्थित व्यापारियों को रात्रि के समय नगदी राशि लेकर आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतने, अकेले बड़ी राशि लेकर यात्रा नहीं करने l की सलाह दी गई। अधिकारियों द्वारा कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
साइबर अपराधों के प्रति भी किया गया जागरूक– बैठक के दौरान व्यापारियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। उन्हें ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग एवं डिजिटल ठगी से बचने हेतु आवश्यक सावधानियां बताई गईं। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने मांगा जनसहयोग
अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस एवं व्यापारियों के बीच समन्वय एवं जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। व्यापारियों से पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की गई।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा व्यापारियों द्वारा सुरक्षा संबंधी सुझाव प्रस्तुत करते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।