

निम्बाहेड़ा 31 मई। अखिल भारतीय श्री जैन दिवाकर संगठन समिति (रजि.) द्वारा आयोजित “जैन दिवाकर रत्न सम्मान” के अंतर्गत समाजसेवी एवं धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व श्रीमान फतेहलाल जी सा. मारू को सम्मानित किया गया।
आज संगठन समिति के पदाधिकारीगण श्री फतेहलाल जी मारू के निवास स्थान पर पहुंचे तथा उन्हें सम्मान पत्र, शाल एवं उपरणा भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह सम्मान उन्हें धर्म, समाज सेवा, सदाचार एवं मानवता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट, प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय श्री जैन दिवाकर संगठन समिति के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सिद्धराज संघवी ने कहा कि श्री फतेहलाल जी मारू का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सदैव धर्म, संस्कार, सेवा एवं सामाजिक समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज में सकारात्मक चेतना का प्रसार किया है।
संगठन समिति के पदाधिकारियों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर सक्रिय जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर जैन दिवाकर रत्न केसरीमल संघवी, हस्तीमल दुग्गड़, मोतीलाल रांका, बसंतीलाल सिंयाल, विजय मारू सहित संगठन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कुशाल मारू ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का आत्मीय आतिथ्य-सत्कार करते हुए आभार व्यक्त किया।