आरोह 2026 समर कैंप का हुआ समापन

बच्चों ने सीखी खेलों की बारीकियां, ली नशा मुक्ति की शपथ

रतलाम 8 जून । संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल के आदेशानुसार तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती रुचि शर्मा के निर्देशन में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह 2026 का शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराडिया में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
ब्लॉक खेल समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल ने बताया कि 5 मई से 5 जून तक आयोजित समर कैंप श्खेलो सीखो आगे बढ़ोश् थीम पर आधारित था। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तिगत विकास, संस्कृति, मनोरंजन एवं खेल गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक एथलेटिक्स एवं खो-खो खेल की तकनीकी बारीकियां सीखीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कराडिया सरपंच पप्पू सिंह राठौर उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में विद्यालय के प्राचार्य रामचंद्र पोरवाल, खेल प्रकोष्ठ के अतुल वर्मा, ललित शर्मा, शैलेंद्र गोयल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में पीटीआई बद्री लाल बसेर एवं प्रशिक्षक अनीषा निंबोला का विशेष सहयोग रहा।
शिविर को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा टी-शर्ट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सम्मान प्राप्त कर बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर सरपंच पप्पू सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है। ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा अपनी खेल प्रतिभा को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल ने किया तथा आभार प्रदर्शन बद्री लाल बसेर ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound