
रतलाम । जैन सोशल ग्रुप रतलाम ग्रेटर द्वारा साहित्य और काव्य प्रेमियों के लिए आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में कवि धमचक मुल्तानी, मुन्ना बैटरी, अतुल ज्वाला, संजय खत्री तथा सुमित्रा सरल ने अपनी उत्कृष्ट कविताओं के माध्यम से विविध रसों की सरिता प्रवाहित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत श्री विनोद जी लुनिया, दीपेंद्र जी कोठारी, ललित जी कांठेड़, संजयजी खिमेसरा,सन्दीपजी चौरड़िया, निलेशजी गोधा, यशवंत पावेचा, प्रमोद जी धींग, जितेशजी गेलड़ा, संजयजी चपरोट ने किया ।कवि धमचक मुल्तानी ने अपने व्यंग्य और हास्य से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। मुन्ना बैटरी की चुटीली प्रस्तुतियों ने सभागार में ठहाकों की गूंज पैदा कर दी। ओजस्वी कवि अतुल ज्वाला ने राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं में उत्साह का संचार किया।
वरिष्ठ कवि संजय खत्री ने समसामयिक विषयों पर अपनी सशक्त अभिव्यक्ति से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। वहीं कवयित्री सुमित्रा सरल ने संवेदनशील एवं भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से मानवीय रिश्तों, प्रेम और जीवन मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कवि सम्मेलन के दौरान श्रोताओं ने कवियों की रचनाओं पर जोरदार तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। देर रात तक चले इस आयोजन में साहित्य प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
अध्यक्ष सन्दीपजी चौरड़िया ने सभी कवियों, अतिथियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यिक संस्कृति को समृद्ध करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव यशवंत पावेचा और प्रमोद धींग ने किया ।