मिलावट की शंका पर 6 नमूने लिए, 97 पैकेट लैक्टोज पाउडर जब्त, फर्म सील



रतलाम 11 जून। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में एसडीएम जावरा श्री सुनील जयसवाल के नेतृत्व में जावरा तहसील के ग्राम भीमाखेड़ी स्थित यश डेरी पर पुलिस प्रशासन,राजस्व विभाग एवं खाद्य औषधि प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि फर्म से गाय के दूध के तीन नमूने, लैक्टोज स्प्रे ड्राइड के दो नमूने तथा कास्टिक सोडा का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच हेतु संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान यश डेरी का खाद्य लाइसेंस पाया गया, किंतु लाइसेंस में विनिर्माण इकाई (मैन्युफैक्चरिंग यूनिट) प्रदर्शित नहीं होना पाया गया। मिलावट की शंका के आधार पर कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही लैक्टोज स्प्रे ड्राइड पाउडर के 25-25 किलोग्राम के 97 पैकेट भी संदेह के आधार पर जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं नियमानुसार लाइसेंस संबंधी कमियां पाए जाने पर फर्म को आगामी आदेश तक नियमों के तहत सील कर दिया गया। मौके पर यश डेरी भीमाखेड़ी का संचालन प्रोपराइटर यश दयमा द्वारा किया जाना पाया गया।उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र श्री गडरिया, तहसीलदार श्री सहदेव मोरे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल, प्रीति मंडोरिया एवं कमलेश जमरा द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।