समाज के नव निर्माण में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण -पंकज पवैया

आलोट में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ सम्मेलन संपन्न

आलोट । पत्रकार समाज का आईना होता है , समाज के नव निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका होती है । प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना गया है और प्रेस ही एक ऐसा माध्यम है जो समाज के नवनिर्माण में शासन प्रशासन और जनता के बीच सेतु का काम करता है ।
यह बात शुक्रवार को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ आलोट तहसील द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीलदार पंकज पवैया ने मुख्य अतिथि के रूप में कही । उन्होंने कहा कि पत्रकार और प्रशासन एक ही गाड़ी के दो पहियें है , जहाँ तथ्यात्मक पत्रकारिता प्रमाणिकता का वातावरण निर्माण करती है । वहीं प्रशासन उस प्रमाणिकता के आधार पर समाज और क्षेत्र के विकास के आयाम स्थापित करता है ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संघ के संभाग अध्यक्ष प्रीतिपाल सिंह राणा ने कहा कि मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ प्रदेश में एक ऐसा संगठन है जो भारतीय श्रम अधिनियम के तहत पंजीकृत होकर प्रदेश के पत्रकारों के हकों की लड़ाई लड़ते हुए लगातार काम कर रहा है । पत्रकार बीमा योजना, अधिमान्यता पेंशन सहित कई ऐसी मांगे है जिन्हें पूरा करवाया है और वर्तमान में पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करने की मांग को लेकर सतत् आंदोलनरत है हमे उम्मीद है कि जल्द ही हमारी यह मांग पूरी होगी ।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आलोट प्रेस क्लब के अध्यक्ष डा. सुनील चोपड़ा ने कहा कि आलोट क्षेत्र के पत्रकार आपसी सहयोग और समन्वय के साथ सकारात्मक पत्रकारिता करते है । उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील पदाधिकारियों को सफल कार्यक्रम की बधाई देते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा प्रदेश में किए जा रहे पत्रकार हितैषी कार्यों की प्रशंसा की ।
जिलाध्यक्ष राजेश जैन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में श्रमजीवी पत्रकार संघ एकमात्र ऐसा संगठन है जो पिछले चार दशकों से पत्रकारों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है । प्रदेश के सभी जिलों में हमारा संघ सक्रिय है । आलोट में हमारे साथियों ने एक नई इबारत लिखी है । श्री जैन ने 29 जून को रतलाम में आयोजित संघ का रतलाम संभाग बनने के बाद प्रथम संभाग सम्मेलन की जानकारी देते हुए सभी पत्रकारों को सम्मेलन में आने का न्यौता दिया ।
सम्मेलन को आलोट थाना प्रभारी मनोज पाटीदार ने भी दंबोधित किया । कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि आलोट एस डी ओ पी पल्लवी गौर भी कार्यक्रम के अंतिम चरम में आयोजन स्थल पर पहुंची और वहाँ उपस्थित पत्रकारो से रूबरू होकर चर्चा की और मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की कार्यशैली को समझा ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया संघ के आलोट तहसील अध्यक्ष दुर्गा शंकर पहाड़िया, महासचिव जितेन्द्र वरोला एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा शाल ओढ़ाकर सम्मान किया । इस अवसर पर संघ के संभागीय महासचिव विजय मीणा, जिला महासचिव दिनेश दवे एवं संभागीय सह सचिव योगेन्द्र सिंह जाट भी अतिथि के रूप में उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound