जीतो रतलाम चेप्टर ने 3 सालों में उच्च शिक्षा के लिए दिया 1 करोड़ 41 लाख का लोन

मेडिकल व्यवसायी कमलेश कोठारी को दी सदस्यता

रतलाम। जैन समाज की अग्रणी संस्था जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन याने जीतो के एजुकेशन असिस्टेंट प्रोग्राम पहली बैठक सजनप्रभा हॉल में संपन्न हुई। इसमें बताया गया कि जीतो रतलाम चेप्टर के माध्यम से 3 वर्ष में प्रतिभावान बच्चों को उच्च शिक्षा अध्ययन हेतु बिना ब्याज के 1 करोड़ 41 लाख का लोन स्वीकृत कर विद्यार्थियों के कॉलेज अकाउंट को भुगतान कर दिया गया है।
बैठक में जीतो अपेक्स के वाइस प्रेसिडेंट कमलेश सोजतिया, जीतो जीत के चीफ सेक्रेटरी सतीश हिरन नासिक, एमपीसी के एजुकेशन असिस्टेंट प्रोग्राम चेयरमैन अखिलेश जैन, भोपाल एवं मप्र-छग चीफ सेक्रेटरी दिलीप जैन ने जीतो की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इनसे प्रभावित होकर रतलाम के मेडिकल व्यवसायी कमलेश राजेंद्र कोठारी ने नवीन सदस्यता ली, जिनका सभी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इससे पूर्व रतलाम चेप्टर अध्यक्ष इंद्रमल जैन, चीफ सेक्रेटरी मुकेश जैन ने अतिथियों का स्वागत कर रतलाम चेप्टर की गतिविधियों से अवगत कराया।
रतलाम जीतो जीत के कन्विनर जयंत जैन ने विगत 3 वर्षों में प्रतिभावान बच्चों को दिए गए लोन की विस्तृत जानकारी दी। लोन से लाभान्वित रुचि जैन, आर्ची रांका, कनिष्क गादिया ने समाज को विश्वास दिलाया कि उच्च पदों पर आसीन होकर वे भी इसी प्रकार समाज की सेवा करेंगे। रिंगनोद निवासी श्री श्रीमाल ने सुपुत्र के लिए लिया गया समस्त लोन का अवधि पूर्ण होने के पहले ही भुगतान कर दिया। प्रदीप दांगी ने जीतो द्वारा दी जा रही इस सुविधा की प्रशंसा की। बैठक में जीतो उपाध्यक्ष महेंद्र बोथरा, पूर्व सचिव अशोक बरमेचा, सहसचिव अशोक भानावत और लेडिज विंग की उषा भंडारी सहित रतलाम श्री संघ के समस्त पदाधिकारी,जैन सोशल ग्रुप के समस्त पदाधिकारी तथा प्रबुद्ध वर्ग उपस्थित रहा। संचालन राजकमल जैन ने किया। आभार उपाध्यक्ष निर्मल लुनिया ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound