रोटरी क्लब जबलपुर संस्कारधानी का वार्षिक “आभार” एवं परिवार मिलन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न

जबलपुर। रोटरी क्लब जबलपुर संस्कारधानी द्वारा रोटरी वर्ष 2025-26 के समापन अवसर पर वार्षिक “आभार” एवं परिवार मिलन समारोह का आयोजन सिविल लाइंस स्थित एक निजी परिसर में हर्षोल्लास एवं पारिवारिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की जानकारी क्लब के पब्लिक इमेज निदेशक रोटे नितिन जैन द्वारा प्रदान की गई।
समारोह में क्लब सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों के लिए आकर्षक पूल पार्टी आयोजित की गई, वहीं गीत-संगीत की रंगारंग महफिल में सभी सदस्यों ने भरपूर आनंद लिया और मधुर धुनों पर थिरकते हुए खुशियों के पल साझा किए।
इस अवसर पर क्लब के 25 वर्ष पूर्ण होने (सिल्वर जुबली वर्ष) के उपलक्ष्य में क्लब के वरिष्ठ एवं स्थापना काल से जुड़े सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया। क्लब के संस्थापक सदस्यों रोटे अरुण गुप्ता, रोटे अशोक गुप्ता, रोटे अनिल अग्रवाल एवं रोटे राजेश “बबलू” अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों को साफा पहनाकर एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 की अवॉर्ड सेरेमनी में मध्यप्रदेश में सर्वाधिक 12 डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड प्राप्त करने पर क्लब के डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। साथ ही क्लब अध्यक्ष रोटे अरुण गुप्ता को “डायनामिक प्रेसिडेंट” सम्मान प्राप्त होने पर क्लब सदस्यों द्वारा उनका विशेष अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष रोटे अरुण गुप्ता, सचिव रोटे अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटे अनिल अग्रवाल, रोटे अशोक गुप्ता, रोटे अरुण खर्द, रोटे समीर कानडे तथा आगामी रोटरी वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष रोटे मनीष बजाज सहित सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
समारोह का प्रमुख आकर्षण पूर्व अध्यक्ष रोटे सुनील जसवानी एवं रोटे सचिन जैन द्वारा प्रस्तुत मधुर गीत रहे। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने महिला एवं पुरुष सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन में उत्साह, अपनत्व एवं पारिवारिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।
अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी रोटरी सत्र 2026-27 की शुरुआत 1 जुलाई को अध्यक्ष रोटे मनीष बजाज, सचिव यश आहूजा, कोषाध्यक्ष रोटे सुनील जसवानी के नेतृत्व में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर के साथ सीए डे एवं डॉक्टर्स डे मनाकर करने तथा सेवा, मित्रता एवं सामाजिक सरोकारों के रोटरी मूल्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound