ट्राइज एरिया में पहुंचने वाले मरीजों का इलाज तुरंत प्रारंभ करने की व्यवस्था की गई

विधायक श्री काश्यप और कलेक्टर श्री डाड ने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया

रतलाम । शासकीय मेडिकल कॉलेज हास्पिटल रतलाम में मरीजों को त्वरित उपचार एवं अत्यावश्यक सुविधाएं अविलम्ब उपलब्ध कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का आज रतलाम शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप एवं कलेक्टर श्री गोपाल चंद्र डाड ने अवलोकन किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डा. जितेन्द्र गुप्ता तथा डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन भी मौजूद थीं।
विधायक श्री काश्यप एवं कलेक्टर श्री डाड ने ट्राइज एरिया का अवलोकन किया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्राइज एरिया में पहुंचने वाले मरीजों के इलाज को तुरंत प्रारंभ करने की व्यवस्था की गई है ।साथ ही ट्राईज में 5 नए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाकर चालू किए गए हैं , ताकि अधिक से अधिक मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सके।
इसके साथ ही ऑक्सीजन ऑडिट टीम का गठन किया गया है जो कि हॉस्पिटल में उपयोग होने वाली ऑक्सीजन का नियंत्रण करेगी । इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि मरीजों को प्राप्त होने वाली ब्लड रिपोर्ट की असुविधा को दूर करने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि आईसीयू में बेल सिस्टम भी लगाया गया है तथा एचडीयू में मरीजों से मिलने का समय सायं 4 बजे से 6 बजे तक का निर्धारित किया गया है ।

Play sound