


रतलाम 1 जुलाई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा द्वारा रतलाम शहर स्थित ऊकाला रोड, रामगढ़ एवं करमदी रोड संजीवनी क्लीनिक तथा हाकिम वाड़ा एवं दिलीप नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) का औचक निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी संस्था प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने तथा आमजन का स्वास्थ्य विभाग पर विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए। इस अवसर पर संस्थाओं के अभिलेखों, उपस्थिति पंजिका, दवा भंडारण व्यवस्था तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने संजीवनी क्लीनिकों में अधिक से अधिक मरीजों को उपचार का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र के नागरिकों को क्लीनिक तक लाने हेतु सक्रिय रूप से प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही, मरीजों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ऊकाला रोड संजीवनी क्लिनिक में डॉ. नासिर पटेल, दिलीप नगर UPHC में डॉ. प्रभात रंजन, रामगढ़ संजीवनी क्लिनिक में डॉ. स्वलेहा, करमदी रोड संजीवनी क्लिनिक में डॉ. शीतल तथा हाकिमवाड़ा UPHC में स्टाफ नर्स आस्मां खान ने अपनी-अपनी संस्थाओं में प्रतिदिन उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों, उपलब्ध सेवाओं एवं संस्थागत गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी संस्था प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, रिकॉर्ड संधारण एवं मरीजों के प्रति व्यवहार में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें, ताकि आमजन का स्वास्थ्य विभाग पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। निरीक्षण के दौरान एपीएम डॉ. गौरव बोरीवाल एवं लोकेश विष्णु वैष्णव भी उपस्थित थे।