- डॉ. अम्बेडकर नगर–ओंकारेश्वर रेलखंड के गेज परिवर्तन कार्य, इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन, निर्माणाधीन सुरंग एवं नर्मदा नदी पर बन रहे रेल पुल का लिया जायजा, कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
- निरीक्षण के दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी तथा धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा से भी विभिन्न परियोजनाओं पर हुई चर्चा




रतलाम, 02 जुलाई। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने रतलाम मंडल प्रवास के दूसरे दिन भी विभिन्न निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं का गहन निरीक्षण किया तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, संरक्षा एवं समयबद्धता के साथ सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने डॉ. अम्बेडकर नगर–ओंकारेश्वर रेलखंड पर प्रगति पर चल रहे गेज परिवर्तन कार्य का विस्तार से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर निर्मित नवीन स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, विद्युतीकरण कार्य तथा सिग्नलिंग प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने नर्मदा नदी पर निर्माणाधीन रेल पुल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन लगभग 3 किलोमीटर लंबी सुरंग (टनल) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर भारत सरकार की माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर तथा धार की माननीय विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा भी उपस्थित रहीं।
सुरंग के लगभग 1,200 मीटर हिस्से में रेल लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। महाप्रबंधक, केंद्रीय राज्य मंत्री, विधायक, मंडल रेल प्रबंधक एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ट्रॉली के माध्यम से सुरंग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर एवं धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा के साथ इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना कोधार तक शीघ्र पूर्ण करने सहित क्षेत्र में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को सुरंग सहित सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने परियोजना के अंतर्गत निर्मित नवीन स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लेते हुए यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
इंदौर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने इंदौर के माननीय सांसद श्री शंकर लालवानी के साथ स्टेशन पुनर्विकास परियोजना तथा क्षेत्र में चल रहे अन्य रेल विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। दोनों के बीच यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार एवं भविष्य की विकास योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दौरे के समापन पर मीडिया से चर्चा करते हुए महाप्रबंधक ने अपने दो दिवसीय रतलाम मंडल प्रवास के दौरान विभिन्न रेल परियोजनाओं के निरीक्षण की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पश्चिम रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इंदौर एवं आसपास के क्षेत्र में भविष्य में प्रस्तावित रेल विकास योजनाओं की भी जानकारी दी।