स्वच्छ दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी आय, सहकारी संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

रतलाम । जन जागरण सहकारी सप्ताह के चौथे दिन सांची दुग्ध शीत केंद्र सगोद रोड पर दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्थाओं के सदस्यों व कर्मचारियों के लिए सहकारी संगोष्ठी का आयोजन जिला सहकारी संघ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुग्ध संयंत्र के प्रबंधक पी के भट्ट ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध का संकलन करना चाहिए तथा पशुओं को सही आहार देकर दुग्ध के फेट को बढ़ाना चाहिए। पशुओं के उत्तम स्वास्थ्य के लिए उन्हें सही समय पर दवाइयां भी दी जानी चाहिए। हमें दुग्ध की उत्पादकता तथा उसकी गुणवत्ता को भी बढ़ावा देना चाहिए।
इस अवसर पर जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि सहकारी संस्थाओं के मालिक इसके सदस्य हैं वही संचालक मंडल तथा संचालक मंडल अध्यक्ष चुनते हैं। देश के आर्थिक व सामाजिक विकास के लिए सहकारिता से अच्छा कोई मॉडल नहीं हो सकता। सहकारिता में लाभ का विभाजन किसी एक व्यक्ति को नहीं जाता है अपितु सभी में बंटता है। हमें चाहिए कि सहकारी संस्थाएं हर हाल में जीवित रहे और उन्नति भी करें।
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक नारायण पाटीदार ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्थाओं के अध्यक्ष, सचिव सहित सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहकारी प्रशिक्षण केंद्र इंदौर के पूर्व प्राचार्य निरंजन कुमार कसारा ने किया। आभार प्रदर्शन दुग्ध संघ के सुपरवाइजर हरीश लबाना ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound