
इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । जो मोक्ष पाने का लक्ष्य लेकर धर्म की राह पर चलते हैं और शिद्दत के साथ भगवान की भक्ति करते हैं उन्हें जीवन में किसी चीज का अभाव एवं दुख नहीं होता और व्यापार में समृद्धि एवं घर परिवार में भी सुख शांति की प्राप्ति होती है और उनका मोक्ष मार्ग भी प्रशस्त होता है।
यह उद्गार दि० जैन प्राकृताचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री सम्बुद्ध सागर जी महाराज ने शुक्रवार को प्रातः तीर्थ स्वरूप श्री दि०जैन आदिनाथ जिनालय छत्रपति नगर पहुंचने पर वहां आयोजित धर्म सभा मे व्यक्त किये।
मुनिश्री ने कहा कि वीतरागता और मोक्ष की प्राप्ति के लिए श्रावकों को प्रतिदिन देव दर्शन अभिषेक पूजन एवं भगवान की भक्ति करना चाहिए। मोक्ष पाने के लक्ष्य के साथ की गई भगवान की भक्ति से धन वैभव एवं सभी प्रकार के सुखों की प्राप्ति स्वत: हो जाती है। प्रवचन के पूर्व श्रीजी की शांति धारा करने का सौभाग्य संगीत जैन एवं दिलीप जैन ने प्राप्त किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के कार्याध्यक्ष डॉ जैनेंद्र जैन, रमेश चंद जैन, राजेश जैन दद्दू, राकेश नायक आलोक नेता, जिनेश जैन,डॉ वी सी जैन, सुनील जैन टारगेट, कमल टेलीफोन,सुरेश पड़ोसी एवं महेंद्र अतुल जैन सुपाडी वाले आदि गणमान्य उपस्थित थे। प्रवचन के पश्चात मुनि श्री की आहारचार्य कराने का सौभाग्य जितेंद्र देवरीवाला परिवार को प्राप्त हुआ।