दीक्षारम्भ समारोह के आयोजन : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम में त्रिदिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का प्रतिवेदन

रतलाम 3 जुलाई। पीएमसीओई शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ वाय के मिश्र ने बताया कि नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 1 जुलाई से 3 जुलाई 2026 तक त्रिदिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, संस्थागत मूल्यों, शिक्षण प्रणाली तथा उनके सर्वांगीण विकास हेतु उपलब्ध विभिन्न अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का समापन समारोह 3 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें रतलाम पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ वाई के मिश्रा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम एवं नियमित अध्ययन का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह.शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि उच्च शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण एवं चरित्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्य अतिथि श्री अमित कुमार ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, आत्मविश्वास एवं निरंतर प्रयास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ संजय परिहार ने SWAYAM एवं NPTEl ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन माध्यमों से विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों द्वारा संचालित उच्च गुणवत्ता वाले पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर अपने ज्ञान एवं कौशल का विकास कर सकते हैं।
श्री मयंक व्यास ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के जिम्मेदार उपयोग के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
डॉ गोपाल खराड़ी ने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं, महाविद्यालय के नियमों एवं अन्य शैक्षणिक तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्हें प्राणीशास्त्र, भौतिकी एवं रसायनशास्त्र प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन कराया गया। संबंधित विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों, संसाधनों एवं शैक्षणिक सुविधाओं से परिचित कराया, जिससे उन्हें महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं अधोसंरचना की समुचित जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रियाज़ मंसूरी द्वारा किया गया।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। यह त्रिदिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ अपने महाविद्यालयीन जीवन की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound