59 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लिया लाभ, गौशाला में चारा, गुड़ व खली खिलाकर निभाया सेवा का संकल्प





रतलाम। लायंस समर्पण क्लब द्वारा 5 जुलाई 2026,रविवार (सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये) को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे एवं डॉक्टर्स डे के अवसर पर सम्मान, स्वास्थ्य सेवा और गौसेवा को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं चिकित्सकों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए संदीप मूणत, सीए रजनीश जैन, सीए निशीथ जैन एवं सीए पुनीता जैन का सम्मान किया गया। वहीं चिकित्सक वर्ग से पद्मश्री डॉ. लीला जोशी, डॉ. गायत्री तिवारी, डॉ. अनुराधा गोखले, डॉ. प्रमोद भगत (फिजियोथेरेपिस्ट) तथा डॉ. प्रियंका हेराल्ड (फिजियोथेरेपिस्ट) का अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त श्री नरेंद्र श्रेष्ठ एवं श्री प्रवीण जोशी का भी सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह के पश्चात पद्मश्री डॉ. लीला जोशी के क्लिनिक पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन स्तर, थायराइड एवं वजन सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। शिविर में कुल 59 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के तीसरे चरण में गोपाल गौशाला में गौसेवा का आयोजन किया गया, जिसमें गायों को चारा, गुड़ एवं खली खिलाई गई। इस सेवा कार्य में पी.एम.जे.एफ. डॉ. सुलोचना शर्मा तथा एम.जे.एफ. लायन वीणा छाजेड़ का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन ला. यास्मीन शेरानी, ज़ोन चेयरपर्सन ला. अनिता झालीवाल, क्लब अध्यक्ष ला. छवि नीलिमा सिंह, सचिव ला. कुसुम चाहर, कोषाध्यक्ष ला. नीलम राठौर, पी.एम.जे.एफ. ला. डॉ. सुलोचना शर्मा, एम.जे.एफ. ला. वीणा छाजेड़ तथा सदस्य ला. सैयद तस्लीन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
क्लब की गतिविधियों को संबोधित करते हुए क्लब सचिव ला. कुसुम चाहर ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक हैं। वे अपने ज्ञान, धैर्य और अथक परिश्रम से असंख्य लोगों को नया जीवन और नई आशा प्रदान करते हैं तथा समाज उनके अमूल्य योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेगा।
क्लब अध्यक्ष ला. छवि नीलिमा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट केवल खातों का लेखा-जोखा रखने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे अपने वित्तीय ज्ञान, पारदर्शिता और ईमानदारी से संस्थाओं एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका योगदान प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव ला.कुसुम चाहर ने किया तथा आभार कोषाध्यक्ष ला.श्रीमती नीलम राठौर ने माना।