अभावग्रस्त चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का प्रयास करें – डॉ प्रदीप जैन

सबको प्यार – सबकी सेवा का संकल्प


रतलाम । शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल का पारिवारिक मिलन समारोह, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि भगवान महावीर के चिंतन, जियो और जीने दो के अनुरूप हम सबको प्यार सबकी सेवा का संकल्प ले और अभाव ग्रस्त चेहरों पर मुस्कुराहट लाने का प्रयास करें। सेवा का छोटा से छोटा अवसर भी व्यर्थ न जाने दे और निस्वार्थ भाव से पीड़ित मानवता की सेवा करे।
पारिवारिक मिलन समारोह का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। संस्थापक सचिव महेंद्र छाजेड़ ने बताया कि आगामी 12 जुलाई को महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल एसपी अमित कुमार के सहयोग एवं मार्गदर्शन में पुलिस स्टाफ एवं परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने जा रहा है जिसमें निशुल्क ईसीजी,ब्लड शुगर आदि जांचे भी की जाएंगी। प्रशांत छाजेड एवं विशाल वर्मा ने शिव नगर एवं अन्य शासकीय प्राथमिक विद्यालय में किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी प्रदान की और कहा कि शीघ्र ही इन स्कूलों में नि:शुल्क लेखन एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा एवं चयनित प्रतिभावान छात्रों को दी पेडियन स्कूल में निशुल्क शिक्षा प्रदान  की जाएगी। हर्षा पारस जैन ने महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा संचालित जल मंदिर एवं महिलाओं के लिए प्रतिदिन संचालित निशुल्क योग केंद्र शाला की जानकारी प्रदान की। अशोक खाबिया, संजय जैन एवं आशीष छाजेड़ ने अपना घर, इश्-प्रेम बस्ती, मेहंदी कुई बालाजी परिसर एवं पूर्व गृह मंत्री हिम्मत जी कोठारी द्वारा संचालित केंद्र पर महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल द्वारा  समय-समय पर की जाने वाली भोजन सेवा की जानकारी प्रदान की। संगीता जैन ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। सुरेंद्र जैन ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound