नई 250 मि.मी. जल प्रदाय लाइन एक माह में होगी शुरू, स्थायी रूप से सुधरेगी जलापूर्ति व्यवस्था
रतलाम 7 जुलाई । नगर निगम रतलाम द्वारा मिडटाउन कॉलोनी के रहवासियों को बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार अब कॉलोनी के प्रत्येक उपभोक्ता को लगभग 45 मिनट तक पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में कॉलोनी के अधिकांश उपभोक्ताओं को केवल 15 से 20 मिनट ही पानी मिल पा रहा है।
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मिडटाउन कॉलोनी के रहवासियों द्वारा पेयजल के लिए नगर निगम से बल्क जल कनेक्शन लिया गया है। कॉलोनी में लगभग 500 आवास हैं। वर्तमान में जलापूर्ति उस पाइपलाइन के माध्यम से की जा रही है, जिसे कॉलोनाइजर द्वारा बिछाया गया था और जो महावीर नगर टंकी के समीप नगर निगम की मुख्य जल प्रदाय लाइन से जुड़ी है। नगर निगम प्रतिदिन लगभग चार घंटे जल प्रदाय करता है, लेकिन कॉलोनी का विस्तार अधिक होने तथा मौजूदा पाइपलाइन की क्षमता सीमित होने के कारण प्रत्येक उपभोक्ता तक पर्याप्त समय तक पानी नहीं पहुंच पाता।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा कॉलोनी के समीप 250 मि.मी. व्यास की नई जल प्रदाय लाइन बिछा दी गई है। यह नई लाइन लगभग एक माह में चालू होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद मिडटाउन कॉलोनी को इसी लाइन से नियमित जलापूर्ति की जाएगी, जिससे रहवासियों को पर्याप्त, सुचारु एवं बेहतर पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।