बरसात में पुल-पुलियों पर पानी होने पर स्कूली वाहन न निकालें



रतलाम 8 जुलाई । स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर सभागार में जिले के स्कूल संचालकों एवं बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, सीएसपी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, डीसी होमगार्ड, ट्रैफिक पुलिस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी स्कूली वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, बीमा, परमिट, पीयूसी एवं अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन रहें। बस चालक एवं परिचालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा पुलिस सत्यापन होना अनिवार्य है। बसों में स्पीड गवर्नर, इमरजेंसी विंडो, पैनिक बटन, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे सहित सभी सुरक्षा उपकरण कार्यशील अवस्था में रहें।
निर्देश दिए गए कि बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए तथा बच्चों को चालक के केबिन में न बैठाया जाए। बसों पर शिकायत नंबर, स्कूल बस का स्पष्ट उल्लेख एवं आवश्यक रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाएं। चालक एवं परिचालक निर्धारित वर्दी व नेम प्लेट पहनें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
बैठक में विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान पुल-पुलियों अथवा रपटों पर पानी होने की स्थिति में किसी भी स्कूली वाहन को पार नहीं कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी स्कूल संचालकों एवं बस ऑपरेटरों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।