संत रविदास स्वरोजगार योजना में रतलाम जिले ने हासिल की शत-प्रतिशत उपलब्धि

35 हितग्राहियों को 1.55 करोड़ रुपये का ऋण वितरित, नए आवेदनों के लिए आवेदन आमंत्रित

रतलाम 8 जुलाई । जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, रतलाम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है। योजना के तहत 35 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित था। इसके विरुद्ध 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 प्रकरण स्वीकृत कर सभी हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 55 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
कार्यपालन अधिकारी, जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 45 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक, जिन्होंने न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो तथा जो आयकरदाता न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं। नियमित ऋण भुगतान करने पर अधिकतम 7 वर्ष तक 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, महलवाड़ा, रतलाम कार्यालय अथवा दूरभाष क्रमांक 07412-235380 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound