


रतलाम 13 जुलाई । सैलाना के ओशीन परिसर में सोमवार को हुई भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक में डिजिटल लर्निंग और संगठन विस्तार पर जोर दिया गया। मुख्य वक्ता संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि संगठन द्वारा सौपी गई हर जिम्मेदारी को प्राथमिकता दे, इससे ही भाजपा की नई पीढ़ी का सशक्त निर्माण होगा । बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की । जिला महामंत्री महेश सोनी एव जयवंत कोठारी भी मंचासीन रहे ।
बैठक की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता और पार्टी के मार्गदर्शक महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने जिले के सभी मंडलों की संगठनात्मक प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए 23 जून से 6 जुलाई तक चले विशेष पखवाड़े की सफलता पर प्रकाश डाला ।उन्होंने बताया कि जिले में बलिदान दिवस, कार्यकर्ता सम्मेलन और अन्य सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने मंडलवार डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण जानकारी ली ।
संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित संगठनात्मक कैलेंडर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 से 7 तारीख तक मंडल, 7 से 12 तारीख तक जिला बैठक और 21 से 25 तारीख तक शक्ति केंद्रों की बैठक होगी। इसके बाद “मन की बात” कार्यक्रम के साथ बूथ स्तर की बैठकें आयोजित होगी।
संभाग प्रभारी ने डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जिला और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। बूथ स्तर पर भी बहुत अच्छा काम हुआ है और जहां कार्य शेष है, उसे आगामी “मन की बात” कार्यक्रम के दिन तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करना है। यह केंद्र का एक बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके माध्यम से वर्तमान पीढ़ी को हमारे महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष और राजनीतिक भूमिका से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के इतिहास को जानकर ही कार्यकर्ता भविष्य में सशक्त नेतृत्वकर्ता बनते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हनुमान जी की तरह कार्य करने का आह्वान किया, जिन्होंने भगवान श्रीराम द्वारा दिए गए कार्य से भी बढ़कर जिम्मेदारी निभाई थी।बैठक का संचालन महेश सोनी ने किया।आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी द्वारा किया गया।