सांसद सुधीर गुप्ता व विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा रहे मुख्य अतिथि, भूमि दानदाता परिवार का हुआ सम्मान


जावरा (अभय सुराणा) । पहाड़िया रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वतीपुरम परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘शिशु वाटिका भवन’ के निर्माण हेतु भूमिपूजन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंदसौर-जावरा सांसद सुधीर गुप्ता एवं विद्या भारती मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमिपूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों मुख्य अतिथियों का साफा बांधकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं विद्यालय समिति के अध्यक्ष अजीत चततर का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
अपने उद्बोधन में अखिलेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में इस भवन का भूमिपूजन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से ऐसे संस्कारित नागरिक तैयार करना है, जो राष्ट्र, समाज और भारतीय संस्कृति के प्रति पूर्ण समर्पित हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कार शिक्षा का सशक्त केंद्र बनेगा।
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का ज्ञान मिलना भी उतना ही आवश्यक है। सरस्वती शिशु मंदिर जैसी संस्थाएं शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बनने वाला निवास वाटिका भवन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
समारोह के दौरान विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले भूमि दानदाता स्वर्गीय कैलाशचंद्र कांटेड के परिवार का विशेष सम्मान किया गया। विद्यालय के लिए 8 बीघा से अधिक भूमि दान करने वाले स्वर्गीय कैलाशचंद्र कांटेड के पुत्र संतोष कांटेड को विद्यालय समिति द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत सुरेश मेहता, बाबूलाल नाहर, अनिल पावेचा, सचिव तन्मय सोनी, कोषाध्यक्ष शीतल चौरड़िया, राधेश्याम पोरवाल, मदनलाल राठौर, शिवेंद्र माधुर, प्राचार्या रेणुबाला शर्मा, प्रधानाचार्य शीला सोनी, संगीता पाटीदार एवं अर्चना करनावट सहित विद्यालय परिवार ने किया। कार्यक्रम का संचालन लोकेश शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्यालय समिति के सचिव तन्मय सोनी ने व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक, नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।