दुग्ध संघ के उत्पादों का बाजार बढ़ाने, नई समितियों के गठन के दिए निर्देश

रतलाम 15 जुलाई । कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता, दुग्ध संघ एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने निर्देश दिए कि जिले की शेष सभी पैक्स प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का रिवीजन 31 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य अगले 10 दिनों में गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए। सैलाना और बाजना क्षेत्र में दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विकासखंडों में समितियों का पंजीयन लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई समितियों का गठन एवं पंजीयन कराया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने दुग्ध संघ को उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ के उत्पादों की मांग बढ़ाने के लिए व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए तथा किसानों को दुग्ध सहकारिता से अधिक से अधिक जोड़ा जाए। नस्ल सुधार कार्यक्रमों को गति देने, ग्राम स्तर पर नई दुग्ध सहकारी समितियों के गठन, सक्रिय सदस्यों को जोड़ने तथा मिल्क रूट का विस्तार करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि दुग्ध उत्पादन से जुड़े प्रत्येक स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को मजबूत किया जाए ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने अधिकारियों से आमजन को दुग्ध संघ से जोड़ने के लिए नवाचार अपनाने और उत्पादों की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सहकारिता एवं दुग्ध संघ के अतिरिक्त अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पैक्स, दुग्ध संघ एवं भारत सरकार की विभिन्न सहकारी संस्थाओं के समन्वय से कार्य किया जाए। उन्होंने ई-सेवा सुविधाओं का विस्तार, जन औषधि केंद्रों पर सभी आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता, पशु आहार की पर्याप्त व्यवस्था तथा ऑडिट संबंधी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।